बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार मंगलवार को पितृपक्ष के मौके पर गयाजी पहुंचा। विष्णुपद मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाग्यश्री ने विधिवत पिंडदान कर पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तेजस्वी यादव ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की इच्छा थी कि गयाजी आकर पितरों के मोक्ष हेतु पिंडदान किया जाए, जिसे आज परिवार ने पूरा किया।

इस दौरान तेजस्वी ने महिलाओं के सम्मान, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई और भगवान विष्णु से आमजन को राहत मिलने की प्रार्थना की। हर साल आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। इस बार लालू परिवार के आने से मंदिर परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला।

