
पश्चिम बंगाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई हुई है। कोलकाता और झारग्राम समेत कई जिलों में अवैध रेत तस्करी के रैकेट के खिलाफ छापेमारी की गई। सूत्रों के मुताबिक, बेहला, रेजिडेंट पार्क, विधाननगर और कल्याणी सहित कुल 22 ठिकानों पर ईडी ने तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी तैनात थे। झारग्राम के गोपीबल्लभपुर में कारोबारी शेख जहीरुल अली के तीन मंजिला घर की तलाशी ली गई। इसके अलावा अनंत बेरा और उनके परिवार के सदस्यों के घरों में भी छापेमारी की गई। अनंत बेरा के बेटे अमरजीत बेरा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ईडी अवैध रेत व्यापार में शामिल होने वाले लोगों और कंपनियों के धन के लेन-देन पर भी नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ECIR दर्ज होने के बाद की गई है और आगे भी सभी संबंधित ठिकानों पर सघन जांच जारी रहेगी।

