मीरा भयंदर वसई विरार पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने मुंबई और तेलंगाना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहली गिरफ्तारी 8 अगस्त को हुई थी, जब पुलिस ने 23 वर्षीय बांग्लादेशी महिला फातिमा मुराद शेख को पकड़ा। जांच में पता चला कि वह तेलंगाना के चेरापल्ली से ड्रग्स लाती थी।

इसके बाद 5 सितंबर को फैक्ट्री पर छापा मारकर कई और आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने अब तक 5.968 किलो एमडी ड्रग, 3 चारपहिया वाहन, एक दोपहिया और 27 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। MBVV पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क की जड़ें दूर तक फैली हैं और मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

