
धनबाद के कतरास क्षेत्र में एक भयंकर हादसा हुआ। बीसीसीएल के अंतर्गत रामकनाली कांटापहाड़ी में संचालित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग साइट पर अचानक लैंडस्लाइड हुआ, जिससे एक सर्विस वैन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद सांसद श्री ढुलू महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और सुरक्षा अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद ने इस हादसे को बीसीसीएल के अधिकारियों की गंभीर लापरवाही करार देते हुए कहा, “खनन स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

