
कनाडा की एक सरकारी रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। पहली बार कनाडा ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि खालिस्तानी आतंकी संगठन उसकी जमीन से एक्टिव हैं और उन्हें फंडिंग भी मिल रही है। कनाडा के वित्त मंत्रालय की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल, इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन और ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ जैसे संगठन कनाडा समेत कई देशों में पैसा जुटा रहे हैं। इन संगठनों को दान और चैरिटी से ही नहीं, बल्कि नशीले पदार्थों के धंधे, गाड़ियों की चोरी और चैरिटी फंड के गलत इस्तेमाल से भी पैसा मिल रहा है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि हमास और हिजबुल्लाह जैसे आतंकी संगठनों को भी कनाडा से आर्थिक मदद जा रही है। खालिस्तानी संगठन अब छोटे-छोटे गुटों और आधुनिक तरीकों से फंडिंग जुटा रहे हैं — जिसमें क्राउडफंडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन का दुरुपयोग शामिल है।

