
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं की लागत में वृद्धि को मंजूरी दी गई। सरकार अब 2,813 करोड़ से अधिक की अतिरिक्त राशि वहन करेगी। मिशन के तहत प्रदेश में अब तक लगभग 28 हज़ार से ज्यादा एकल ग्राम नल-जल योजनाओं और 148 समूह जल प्रदाय योजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। इसके अलावा इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड मार्ग निर्माण को भी स्वीकृति मिली। करीब 2,935 करोड़ की लागत से 48 किलोमीटर लंबा 4 लेन हाईवे बनाया जाएगा। इसमें 34 अंडरपास, 2 फ्लाईओवर और 1 रेलवे ओवर ब्रिज शामिल होंगे। बैठक में उज्जैन के हरिफाटक रेलवे क्रॉसिंग पर 980 मीटर लंबे नए रेलवे ओवरब्रिज को भी मंजूरी दी गई है, जिस पर 371 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह परियोजना सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखकर स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग निर्माण को भी हरी झंडी मिली। 72 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 972 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 2 अंडरपास और 4 बड़े पुल बनाए जाएंगे।

