
लॉस एंजिल्स में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक सिख व्यक्ति की मौत हो गई। 35 वर्षीय गुरप्रीत सिंह सड़क पर पारंपरिक मार्शल आर्ट ‘गतका’ करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह कुछ ही देर बाद एक कुल्हाड़ी लिए हुए पास मौजूद लोगों को धमका रहे थे। पुलिस ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन घटना के दौरान गुरप्रीत सिंह पुलिसकर्मी पर टूट पड़े। इसी बीच पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोग पूछ रहे हैं कि क्या स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए केवल बल का प्रयोग ही एकमात्र विकल्प था। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में प्रारंभिक बयान जारी किया है और मामले की जांच जारी है।

