प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा पर टोक्यो पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट और होटल परिसर में भारतीय समुदाय के लोगों ने जोरदार उत्साह के साथ पीएम मोदी का अभिनंदन किया। खास बात यह रही कि स्वागत के दौरान भारतीय परंपरा की झलक भी देखने को मिली। राजस्थानी पोशाक में सजी जापानी महिलाओं ने राजस्थानी लोकगीत गाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

इनमें से एक महिला, जो खुद को राजस्थानी मधु बताती हैं, ने पीएम मोदी के लिए हिंदी में भजन गाया। टोक्यो पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा से मुलाकात करेंगे और भारत-जापान साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए व्यापक चर्चा करेंगे। यह वार्षिक शिखर वार्ता दोनों देशों के सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर मानी जा रही है। जापान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से चीन के तियानजिन जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

