– उत्तराखंड के नैनीताल से दर्दनाक खबर— एक हेरिटेज बिल्डिंग ओल्ड लंदन हाउस में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि मशहूर इतिहासकार और पर्यावरणविद डॉ. अजय रावत की बहन 82 वर्षीय शांता बिष्ट की झुलसकर मौत हो गई। उनका बेटा निखिल बिष्ट किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। आग बुधवार रात करीब 10 बजे लगी और धीरे-धीरे पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड समेत तीन विभागों की टीमों के 40 से ज़्यादा कर्मी पूरी रात मशक्कत करते रहे और आखिरकार करीब 1 बजे आग पर काबू पाया गया। 1863 में बनी यह इमारत नैनीताल की ऐतिहासिक धरोहर मानी जाती है। दुर्भाग्य की बात यह है कि साल 2020 में शांता की बहन कमलता रावत की मौत भी आग लगने की ही घटना में हुई थी। बुधवार रात निखिल बिष्ट अपनी मां को बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन लपटों के सामने सब बेबस हो गए।

