नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव में मातमपुर्सी के लिए पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय विधायक पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। तीन दिन पहले हुए सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत के बाद मंत्री और विधायक पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब वे लौटने लगे तो ग्रामीणों ने उनसे गांव में कुछ देर और रुकने और मुआवजे को लेकर बात करने की गुहार लगाई। लेकिन जब मंत्री ने अगले कार्यक्रम का हवाला देते हुए इंकार किया तो गुस्साए ग्रामीणों ने पहले पत्रकार और विधायक को घेर लिया और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसमें मंत्री के बाडीगार्ड समेत कई लोग घायल हो गए और

हालात बिगड़ते देख मंत्री व विधायक को करीब एक किलोमीटर भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के दिन विधायक के कहने पर उन्होंने सड़क जाम हटाया था, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला। घटना के बाद भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया और गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।

