
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पिछले चार दिनों से जारी बारिश से डोडा, किश्तवाड़, रियासी, राजौरी, रामबन और पुंछ जैसे जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वैष्णो देवी यात्रा के लिए जा रहे 30 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई गांव पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में हैं। सेना, SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा है। कई जगह बादल फटने की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ है। नदियां उफान पर हैं और तवी नदी सबसे खतरनाक रूप में नजर आ रही है। तवी नदी पर बना पुल धंस गया। हादसे के समय पुल पर गाड़ियां दौड़ रही थीं। अचानक पुल टूटने से लोग गाड़ियों से कूदकर अपनी जान बचाते नजर आए। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया। सीएम उमर अब्दुल्ला ने आपात बैठक बुलाकर हालात की समीक्षा की और सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है।

