झारखंड के गढ़वा जिले से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला के अकाउंट से बिना OTP और कार्ड के ही दस हज़ार रुपये निकाल लिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, ठगों ने महिला को पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया और इसी दौरान उसकी आंखों का स्कैन कर लिया। आधार से लिंक बैंक अकाउंट का पता लगाकर ठगों ने बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए पैसे उड़ा लिए।

महिला जब अगले दिन बैंक पहुंची तो उसे ठगी का पता चला। दरअसल, आजकल लगभग सभी बैंक अकाउंट आधार कार्ड से जुड़े हैं। ऐसे में फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन के जरिए पैसे निकाले जा सकते हैं। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि लोगों को अपने डॉक्यूमेंट्स खासतौर पर आधार को सुरक्षित रखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर UIDAI से वर्चुअल आईडी बनाकर इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही आधार के बायोमैट्रिक को लॉक करने की भी सलाह दी जा रही है।

