दिल्ली पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के सभागार में श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के द्वारा सेमिनार सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन का विषय कैरियर काउंसिलिंग एवं कैरियर गाइडेंस था । इस कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ पाकुड़ जिला रोजगार कार्यालय के राहुल कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य जे के शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। राहुल कुमार ने अपने उद्बोधन में छात्रों को स्कूली स्तर से ही अपने कैरियर विकल्पों के बारे में चरणबद्ध तरीके से चिंतन करने और उस पर काम करने का आह्वान किया और कौशल विकास की उपयोगिता एवम् सार्थकता पर प्रकाश डाला। छात्रों को उनकी रुचियों, योग्यताओं और मूल्यों के आधार पर सही कैरियर चुनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रो यूपीएससी,जेपीएससी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, पत्रकारिता, रक्षा सेवाएँ, कला, वाणिज्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।विद्यार्थियों को बताया गया

कि कैसे अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार उचित विषयों और करियर का चुनाव करना चाहिए। साथ ही, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में भी उपयोगी सुझाव दिए गए।विद्यालय के निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने कहा आज का यह सेमिनार हमारे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम द्वारा उन्होंने न केवल विभिन्न कैरियर विकल्पों के बारे में जानकारी प्राप्त की, बल्कि यह कार्यक्रम उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित करने में भी मदद करेगा। हमारा यानी डी. पी एस परिवार का उद्देश्य है कि हमारे विद्यार्थी न केवल अकादमिक रूप से उत्कृष्ट हों, बल्कि वे जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी सफलता प्राप्त करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेमिनार के माध्यम से हमारे विद्यार्थी अपने करियर के प्रति अधिक जागरूक और आत्मविश्वासी बनेंगे।

