
दुर्गा सोरेन सेना ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन पाकुड़ से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग हावड़ा मंडल के डीआरएम के पाकुड़ आगमन के मौके पर दुर्गा सोरेन सेना ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। डीआरएम से मांग रखते हुए जिला अध्यक्ष उज्ज्वल भगत ने पाकुड़ से होकर पटना तक जाने वाली एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग की और कहा कि इस डिवीजन में सर्वाधिक राजस्व देने वाले इस मार्ग के यात्रियों के साथ हमेशा से रेलवे ने सौतेला व्यवहार किया है।सेना के जिला महामंत्री परमजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि बड़ी संख्या में इस क्षेत्र से छात्र प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी एवं अन्य कार्य हेतु पटना जाते हैं परंतु पाकुड़ से पटना के लिए एक भी सीधी गाड़ी नहीं है । हावड़ा एवं मालदा मंडलों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण रेल खंड में एक भी वंदे भारत रेल नहीं दी गई है जबकि यात्रियों की कम संख्या वाले रेल मार्गों में वंदे भारत गाड़ी को चलाया जा रहा है। दुर्गा सोरेन सेना की मांग पर आश्वासन देते हुए डीआरएम ने कहा कि शीघ्र ही पाकुड़ के लिए वंदे भारत या शताब्दी एक्सप्रेस दोनों में से किसी एक गाड़ी की व्यवस्था की जाएगी। दुर्गा सोरेन सेना के जिला सचिव नवीन सिंह ने पूर्व में सहायक अभियंता रामपुरहाट एवं स्टेशन प्रबंधक पाकुड़ को संयुक्त रूप से दिए गए आवेदन का हवाला देते हुए रेलवे स्टेशन प्रवेश द्वार में लगाए गए जालीनुमा ड्रेन कवर से होने वाली यात्रियों की असुविधा को फिर से डीआरएम के समक्ष रखा।

