
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार (22 अगस्त 2025) की आधी रात बादल फटने से भारी तबाही मची। थराली तहसील और आसपास के गांवों में घर, दुकानें और सड़कें मलबे में दब गईं। तहसील परिसर, एसडीएम और नगर पंचायत अध्यक्ष के आवासों में भी मलबा घुसा। कई वाहन दब गए, जिससे स्थानीय लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सागवाड़ा गांव में एक युवती की मलबे में दबकर मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है। राहत एवं बचाव कार्यों में पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें जुटी हैं। मींग खदेरे में BRO सड़क खोलने का प्रयास कर रहा है ताकि यातायात और राहत कार्य सुचारू हो सकें। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 23 अगस्त को बंद रखने का आदेश दिया। भारी बारिश और बादल फटने से पहले भी जिले में सोल घाटी और केरा गांव में मकान और दुकानों को नुकसान पहुंच चुका है।

