प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को बड़ी सौगात दी। गया जी से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली-गया जी-कोडरमा रूट पर बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन का शुभारंभ किया गया। पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर इन दोनों ट्रेनों को रवाना किया। अमृत भारत एक्सप्रेस का मकसद यात्रियों को तेज़, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन सेवा उपलब्ध कराना है। गया जी-दिल्ली रूट पर यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए किफायती और तेज़ विकल्प साबित होगी।

वहीं बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन बौद्ध धर्म से जुड़े तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़कर पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व को और बढ़ाएगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि ये ट्रेनें बिहार के विकास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे। रेल मंत्रालय ने इसे ‘नए भारत की नई रेल’ का उदाहरण बताया।

