प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मुलाकात की, जो एक्सिओम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से लौटे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने शुक्ला से उनके अंतरिक्ष अनुभवों और स्पेस स्टेशन पर किए गए प्रयोगों के बारे में विस्तार से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने मज़ाकिया अंदाज में उनसे उनके “होमवर्क” को लेकर भी सवाल किया। दरअसल, पीएम मोदी ने शुक्ला को गगनयान मिशन को आगे बढ़ाने, चंद्रमा पर भारतीय अंतरिक्ष यात्री की लैंडिंग कराने और भारत के अपने

स्पेस स्टेशन के निर्माण में योगदान देने का होमवर्क दिया था। बातचीत के दौरान शुक्ला ने बताया कि दुनियाभर में भारत के गगनयान मिशन को लेकर जबरदस्त उत्सुकता है और कई शीर्ष वैज्ञानिक इसका हिस्सा बनना चाहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के अंतरिक्ष मिशनों के लिए 40-50 अंतरिक्ष यात्रियों की ज़रूरत होगी और शुक्ला का अनुभव इन महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को पूरा करने में बेहद उपयोगी साबित होगा।

