
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान गई। इसके बाद 6-7 मई की रात भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों को कुछ ही मिनटों में ध्वस्त कर दिया। भारतीय वायु सेना ने एक्स पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें हमले की खबर, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, NSA अजीत डोभाल और सेना प्रमुखों की उच्चस्तरीय बैठक के दृश्य दिखाए गए। वीडियो में IAF के लड़ाकू विमानों द्वारा सटीक हमले और तबाह आतंकी शिविरों की फुटेज दिखाई गई। साथ ही 1971 युद्ध, कारगिल और पुलवामा हमले के बाद की कार्रवाई के दृश्य भी शामिल हैं। आवाज़ कहती है — “जब आसमान में अंधेरा छा जाता है और खतरा मंडराता है, तो एक शक्ति उभरती है… विशाल, निडर और सटीक – भारतीय वायु सेना।”

