उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पूर्व मंत्री और अपनी समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर बुधवार को हमला हुआ। सिविल लाइन इलाके में स्वागत के दौरान एक युवक ने उन्हें माला पहनाने के बाद पीछे से थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मौर्य समर्थकों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमले को लेकर मौर्य ने राज्य सरकार और करणी सेना पर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार में ठाकुरों और गुंडों को खुली छूट है और पुलिस की मौजूदगी में हमला हुआ, जो कानून-व्यवस्था की विफलता दर्शाता है। वहीं, पुलिस ने कहा कि हमलावर युवक को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है। अभी तक हमले की वजह साफ नहीं हो सकी है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। |

