
फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के दयालबाग इलाके में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने प्ले स्कूल से लौट रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला करीब तीन फुट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी और बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया और परिवार को सूचना दी। घायल महिला की पहचान सुशीला के रूप में हुई है, जो बच्चों को संभालने का काम करती हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। कार ने आगे भी दो गाड़ियों को टक्कर मारी और फिर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हो गई है, लेकिन कार का नंबर स्पष्ट नहीं है। पुलिस अन्य फुटेज खंगाल रही है। महिला के पति देवीशंकर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।

