
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चिरगांव क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। देर रात करीब 12 बजे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए पब्बर नदी में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना सीमा हरसुख रिसोर्ट के पास हुई। स्थानीय लोगों ने शोर सुनते ही राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से तीन शवों को नदी से बाहर निकाला गया है। मृतक युवक मूंछाड़ा और ढाक गांव के बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा पहाड़ी इलाकों में सावधानी से वाहन चलाने की चेतावनी देता है। गौरतलब है कि इसी जुलाई में शिमला में एक और हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी।

