
कोलकाता में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जादवपुर इलाके से एक बांग्लादेशी मॉडल शांता पॉल को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है। शांता, जो पहले बांग्लादेश में टीवी एंकर और अभिनेत्री रह चुकी है, भारत में बिना वीजा के रह रही थी। वह आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड जैसे भारतीय दस्तावेज बनवा चुकी थी और पिछले कुछ सालों से एक किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस को उसके फ्लैट से बांग्लादेशी पासपोर्ट, एयरलाइन का कर्मचारी कार्ड और स्कूल सर्टिफिकेट भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति से शादी कर रखी थी। कोलकाता पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसे भारतीय पहचान पत्र कैसे मिले। शांता पॉल को कोर्ट ने 8 अगस्त तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है और मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।

