
बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बड़े-बड़े ऐलान कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह नीतीश कुमार ने शिक्षा विभाग के कर्मियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मिड डे मील की रसोइयों, रात्रि प्रहरियों और शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों के मानदेय को दोगुना करने का ऐलान किया। अब रसोइयों को हर महीने 1650 की जगह 3300 रुपए मिलेंगे। वहीं, रात्रि प्रहरियों का वेतन 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार और अनुदेशकों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 16 हजार कर दिया गया है। वार्षिक वेतन वृद्धि भी अब 200 के बजाय 400 रुपए होगी। सीएम नीतीश ने कहा कि 2005 से शिक्षा सुधार सरकार की प्राथमिकता रही है और इन कर्मियों का योगदान बेहद अहम है। इस फैसले को चुनाव से पहले जनता को लुभाने वाली रणनीति माना जा रहा है। अब देखना है कि इसका असर वोटों पर कितना पड़ता है।

