राजद से निकाले जाने के बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की सियासी गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। बुधवार को तेजप्रताप अचानक पटना के पुनाईचक स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंच गए। वहां सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और गुलदस्ता भेंट किया। तेजप्रताप ने हंसते हुए कहा, “अरे भाई, एक ही गुलदस्ता सब बारी-बारी से दे रहा है!” इससे पहले तेजप्रताप ने महुआ से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बातचीत की थी। अब उनके

सपा दफ्तर जाने से अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या तेजप्रताप समाजवादी पार्टी से जुड़ने जा रहे हैं? मुजफ्फरपुर की एक सभा में तेजप्रताप ने कहा, “कुछ जयचंदों को लगा कि दूसरा लालू यादव पैदा हो गया है।” पीली टोपी और बदला मिजाज तेजप्रताप की नई सियासी दिशा का संकेत दे रहा है। राजद को अब अंदर-बाहर दोनों ओर से चुनौती मिल सकती है।

