तेलंगाना के नागार्जुनसागर डैम के शिखर द्वार 18 साल बाद खोले गए हैं। भारी बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर पानी आने के कारण जलाशय अपनी पूरी क्षमता तक भर चुका था। ऐसे में बाढ़ की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने फ्लडगेट खोलने का फैसला किया। तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और अदलुरी लक्ष्मण

ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ मिलकर शिखर द्वार खोले। इससे बड़ी मात्रा में पानी कृष्णा नदी में छोड़ा गया है। प्रशासन ने निचले क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे न जाएं। आपात सेवाएं भी सतर्क हैं। नागार्जुनसागर डैम 2007 के बाद पहली बार इस स्तर तक भर गया है, जिससे पूरे इलाके में पानी प्रबंधन की चुनौती बढ़ गई है।

