
दक्षिणी जर्मनी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। रविवार को रीडलिंगन के पास एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। ट्रेन सिग्मारिंजेन से उल्म जा रही थी और हादसे के वक्त करीब 100 यात्री सवार थे। जर्मन अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह भारी बारिश या भूस्खलन हो सकती है, हालांकि जांच अभी जारी है। हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू कर दिया गया, और हेलीकॉप्टरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इस घटना पर शोक जताया है। डॉयचे बान रेल कंपनी ने भी पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। जर्मनी में ट्रेनों की लेटलतीफी और तकनीकी समस्याएं पहले भी चिंता का विषय रही हैं।

