
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ लखनऊ के विभूतिखंड थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत प्रवेश यादव और सौरभ यादव द्वारा दी गई थी। टीवी डिबेट के दौरान डिंपल यादव पर की गई मौलाना की टिप्पणी को लेकर संसद से सड़क तक विरोध हो रहा है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी अब तक चुप क्यों हैं? क्या तुष्टिकरण की राजनीति महिला सांसद की गरिमा से ऊपर है? सोशल मीडिया पर भी विरोध की लहर है और लोग मौलाना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा अभी और गरमाने के आसार हैं।

