बाराबंकी से इस वक्त की बड़ी खबर – अवसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को दर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी, तभी रात करीब 2 बजे बंदरों के उछलकूद से बिजली का तार टूटकर टीन शेड पर गिर गया, जिससे पूरे परिसर में करंट फैल गया। करंट लगते ही श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं।

घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत व इलाज कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

