धनबाद के बाघमारा क्षेत्र के केसरगढ़ में एक पुरानी बंद खदान में अवैध खनन के दौरान मंगलवार शाम बड़ा हादसा हुआ। मिट्टी धंसने से कई लोग दब गए, जिनमें से 5 की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना के 48 घंटे बाद गुरुवार शाम एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीमों को बुधवार से ही तैयार रखा गया था, लेकिन स्थानीय प्रशासन की मंजूरी के अभाव में देरी हुई।

आजसू पार्टी के नेताओं ने ऑपरेशन में देरी को लेकर प्रशासन और कोयला माफियाओं की मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने आंदोलन और मामला संसद में उठाने की चेतावनी दी। सीओ बीके महतो का कहना है कि अभी सटीक जानकारी नहीं मिली है, जबकि बीसीसीएल और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक अवैध कोयला ट्रक भी जब्त किया गया है।

