बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2025 को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन रविन्द्र भवन टाउन हॉल में शुक्रवार को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी चन्द्रजीत खलखो, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रभारी एलडीएम एवं महेशपुर के वरीय कृषि वैज्ञानिक डॉ संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया गया।उपायुक्त ने कहा कि किसानों की आय वृद्धि के लिए जो भी योजनाएं कृषि एवं संबद्ध विभाग की ओर से चलाई जा रही है उससे सुयोग्य किसानों को लाभान्वित किया जाए। उन्होने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जो भी पदाधिकारी के पास किसान समस्या लेकर आते हैं उसका त्वरित गति से निष्पादन करें, किसान के संपर्क में रहे। उन्होंने किसानों से अपील किया कि इस कार्यशाला का लाभ लेते हुए योजनाओं को लेकर जागरूक बनें और लाभ उठायें।

उपायुक्त ने जिले के सभी योग्य किसानों को बिरसा फसल बीमा योजना से शत प्रतिशत आच्छादित करने का निर्देश दिया। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि किसानों की बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत खरीफ फसल 2025 के लिये फसल बीमा करायी जा रही है। फसल बीमा के लिये आवेदक किसानों को बैंक खाते के सत्यापन हेतु टोकन राशि के रुप में किसानों को सिर्फ 01 रुपया देना होगा। इससे छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों को फायदा होगा एवं ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिलेगा।कार्यशाला में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, महेशपुर के वरीय कृषि वैज्ञानिक, जिला उद्यान पदाधिकारी ने भी अपने विचार रखे तथा अपने विभाग के योजनाओं से किसानों को अवगत कराया ताकि अधिक से अधिक योग्य किसान से आवेदन सृजित किया जाए एवं उन्हें योजना से लाभन्वित किया जाए। सहकारिता विभाग अन्तर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में बीमा कंपनी बजाज आलियांज के प्रतिनिधि राघवेन्द्र सिंह द्वारा बीमा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, सीआई, एटीएम, बीटीएम, प्रगतिशील किसान, कृषक मित्र, बैंकर्स एवं लैम्पस के सदस्य, सचिव समेत अन्य उपस्थित रहे।

