
राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राथमिक विद्यालय की छत गिरने से सात मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डीएसपी हर्ष राज सिंह खरेड़ा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि प्रशासन पीड़ितों के साथ है। जिलाधिकारी और एसपी ने भी गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और सभी सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ियों और अस्पतालों की तत्काल जांच व मरम्मत के निर्देश दिए हैं। यह हादसा सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति और लापरवाही की गंभीर तस्वीर पेश करता है। अब सवाल यह है कि क्या मासूम बच्चों की सुरक्षा के लिए हम वाकई तैयार हैं?

