
भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा है. आज इस मुकाबले का दूसरा दिन है. भारतीय टीम का स्कोर पहली पारी में 300 रनों को पार कर चुका है और उसके पांच विकेट गिरे हैं. वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर नॉटआउट बल्लेबाज हैं. पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में फिलहाल इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है. ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है. अगर भारतीय टीम यह टेस्ट हारती है तो इंग्लैंड सीरीज अपने नाम कर लेगा. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को पहली पारी में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 94 रनों की पार्टनरशिप हुई. यशस्वी 58 और केएल राहुल 46 रन बनाकर आउट हुए. फिर साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने भी अच्छी पारियां खेलकर पहले दिन के खेल में भारत को फ्रंटफुट पर खड़ा किया. सुदर्शन ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जड़ते हुए 61 रन बनाए. वहीं ऋषभ पंत 37 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए.

