सोने की कीमतों में लगातार 3 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला आखिरकार आज थम गया शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 600 रुपये घटकर 99,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बताते चलें कि गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 450 रुपये बढ़कर 99,620 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इस हफ्ते मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को सोने की कीमतों में लगातार 3 दिनों तक तेजी देखी गई थी। इन 3 दिनों में सोने की कीमत में 2150 रुपये प्रति 10

ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। हफ्ते के आखिरी दिन, शुक्रवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 500 रुपये घटकर 98,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। गुरुवार को ये 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोने के साथ ही आज चांदी की कीमतें भी 1000 रुपये की गिरावट के साथ 1,04,800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गईं। जबकि गुरुवार को चांदी की कीमत 1000 रुपये बढ़कर 1,05,800 रुपये प्रति किलो हो गई थी

