
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित योलो काउंटी में मंगलवार दोपहर एक फायरवर्क्स वेयरहाउस में भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी भयावहता टीवी कैमरों में कैद हो गई। यह हादसा एस्पार्टो नामक ग्रामीण इलाके में स्थानीय समय अनुसार दोपहर 2 बजे हुआ। धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और आस-पास के इलाकों को तुरंत खाली कराया गया। विस्फोट के बाद आग और धुएं का गुबार करीब 15,000 फीट तक आसमान में फैल गया, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा गया। लोगों ने तेज़ “बूम!” जैसी आवाज़ें सुनीं, जिसके बाद बार-बार धमाकों का सिलसिला शुरू हुआ। घटना के तुरंत बाद Cal Fire, एस्पार्टो, मैडिसन और विंटर्स की फायर टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इस आग को “Oakdale Fire” नाम दिया गया, जो करीब 78 एकड़ तक फैल गई। हालांकि अब तक किसी जान-माल की क्षति की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने जनता से क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। विस्फोट के कारणों की जांच अभी जारी है।

