
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। कोमिला जिले में 26 जून को 21 वर्षीय हिंदू युवती के साथ स्थानीय नेता और उसके साथियों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद देशभर में गुस्सा फूट पड़ा। ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने विरोध मार्च निकाला और कड़ी सजा की मांग की। जगन्नाथ हॉल के अल्पसंख्यक छात्र भी सड़कों पर उतरे। पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी फजोर अली समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। हाईकोर्ट ने वीडियो को तुरंत हटाने और पीड़िता की सुरक्षा व उपचार सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। विशेषज्ञों और विपक्ष का आरोप है कि अवामी लीग सरकार के पतन के बाद अल्पसंख्यकों पर हमले तेज़ हुए हैं। अब सवाल है: क्या बांग्लादेश हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएगा?

