समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान इन दिनों सीतापुर जेल में बंद हैं। गुरुवार को उनकी पत्नी और पूर्व सांसद तंजीम फातिमा, बेटा अदीब आजम और सपा नेता शावेज खान उनसे मिलने पहुंचे। मुलाकात करीब 1 घंटे 42 मिनट तक चली। जेल से बाहर निकलते हुए तंजीम फातिमा का दर्द छलक पड़ा। जब उनसे पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है, तो उन्होंने साफ कहा— “अब मुझे किसी से कोई उम्मीद नहीं है… सिर्फ अल्लाह से उम्मीद है।” इस बयान से सियासी गलियारों में चर्चा

है कि क्या आजम खान का परिवार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी से नाराज़ है? तंजीम फातिमा ने यह भी सवाल उठाया कि सपा के नेता जेल में आजम से मिलने क्यों नहीं आते — “ये तो सपा के लोग ही जानें।” तंजीम फातिमा ने बताया कि आजम खान का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है और वे बहुत कमजोर हो चुके हैं। मुलाकात के दौरान वह उनके लिए 10 किलो दशहरी आम और दवाइयां लेकर गईं। गौरतलब है कि आजम खान अक्टूबर 2023 से जेल में बंद हैं और उन पर 89 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

