
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डॉन जून के बीच किंगदाओ (चीन) में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) रक्षा मंत्रियों की बैठक से इतर एक अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई। राजनाथ सिंह ने इस बातचीत को “रचनात्मक और दूरदर्शी” बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की जिम्मेदारी है कि वे सकारात्मक माहौल बनाए रखें और द्विपक्षीय संबंधों में नई जटिलताएं न जोड़ें। उन्होंने करीब छह साल बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू होने पर खुशी जताई। राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर अपने चीनी समकक्ष को भारत की पारंपरिक मधुबनी पेंटिंग भी भेंट की। यह पेंटिंग मिथिला की लोककला का प्रतीक मानी जाती है। हालांकि बैठक के दौरान राजनाथ सिंह ने SCO के साझा बयान पर हस्ताक्षर नहीं किए, क्योंकि उसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का कोई ज़िक्र नहीं था। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट रूप से सीमा पार आतंकवाद पर भारत की सख्त नीति दोहराई और अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधा।

