जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण माता वैष्णो देवी यात्रा एक बार फिर से अस्थायी रूप से रोक दी गई है। त्रिकुटा पहाड़ियों के हिमकोटी मार्ग पर हुए भूस्खलन से यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। भूस्खलन के चलते मार्ग पर करीब 30 फीट तक मलबा जमा हो गया है और बड़े-बड़े पत्थरों ने रास्ता बंद कर दिया है। इस कारण बैटरी कार, केबल कार और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन की टीमें राहत और मलबा हटाने के कार्य में लगी हैं। फिलहाल पुराने पारंपरिक मार्ग से यात्रा जारी रखी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और केवल अधिकृत मार्गों पर चलने की अपील की है। इस साल यह तीसरी बार है जब खराब मौसम की वजह से नया मार्ग बंद करना पड़ा है।

