धनबाद के स्टील गेट क्षेत्र में स्थित शहीद मनिंद्र नाथ मंडल स्मारक परिसर में बीते 40-45 वर्षों से रोज़ी-रोटी चला रहे दुकानदारों को हटाने की खबर ने इलाके में हलचल मचा दी है। झारखंड आंदोलन के शहीद के नाम पर बसाए गए इस ऐतिहासिक हाट को हटाने के विरोध में आज धनबाद सांसद ढूलू महतो भारी बारिश के बीच मौके पर पहुँचे और दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं। सांसद ढूलू महतो ने कहा: “शहीद मनिंद्र नाथ मंडल जी के सपनों को कुचलने का काम कर रही है हेमंत सरकार। जिस हाट को उन्होंने चार दशक पूर्व बसाया, आज उसे जबरन उजाड़ने की साजिश की जा रही है। यह हम किसी कीमत पर नहीं होने देंगे।” सांसद महोदय ने बताया कि SNMMCH धनबाद हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा इन दुकानदारों को हटाने का नोटिस दिया गया है।

इस पर उन्होंने धनबाद उपायुक्त को फोन कर हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि:“इन लोगों का यहां वर्षों से जीविकोपार्जन चल रहा है। इन्हें अचानक कैसे हटाया जा सकता है? प्रशासन को पहले इनकी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।” सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन जबरन बुलडोजर लेकर आता है, तो दुकानदार तुरंत उन्हें सूचित करें। “एक घंटे के अंदर मैं आपके बीच खड़ा रहूँगा। यह हाट नहीं उजड़ने देंगे।” प्रभावित दुकानदारों ने भी सांसद महोदय को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके समर्थन से उन्हें नई ताकत मिली है। कई लोगों ने इसे जीविका के अधिकार पर हमला बताया और जल्द ही स्थायी समाधान की मांग रखी। 🔸 यह सिर्फ एक ज़मीन की लड़ाई नहीं, बल्कि सम्मान और इतिहास की भी रक्षा का सवाल बन चुका है। 🔸 स्थानीय लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन इस मामले में संवेदनशील रवैया अपनाएगा। स्टील गेट धनबाद से चन्दन कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

