संघर्ष विराम की घोषणा के महज ढाई घंटे बाद ही ईरान की ओर से इजरायल पर मिसाइल हमले किए गए। इससे पूरे उत्तरी इजरायल में सायरन गूंज उठे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित संघर्ष विराम को दोनों देशों ने स्वीकार किया था, लेकिन ईरान की इस कार्रवाई से तनाव फिर बढ़ गया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इसे संघर्ष विराम का उल्लंघन बताते हुए सेना को ईरान के अर्द्धसैनिक बलों और सरकारी ठिकानों पर जवाबी हमले शुरू करने का आदेश दे दिया है।

इजरायल के वित्त मंत्री स्मोत्रिच ने भी सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “तेहरान कांप उठेगा।” इससे पहले प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा था कि इजरायल ने परमाणु और मिसाइल खतरों को काफी हद तक खत्म कर दिया है। अब नजरें हैं कि यह टकराव क्या एक बार फिर व्यापक युद्ध का रूप लेगा या कूटनीति काम करेगी।

