झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भाजपा का जनआक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। भ्रष्टाचार, बदहाल कानून-व्यवस्था, बिजली-पानी की किल्लत, अवैध खनन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश भाजपा के आह्वान पर राज्यभर के 264 प्रखंडों में एकदिवसीय घेराव कार्यक्रम आयोजित हुआ। बाघमारा प्रखंड कार्यालय का घेराव धनबाद सांसद श्री ढुल्लू महतो और बाघमारा विधायक श्री शत्रुघ्न महतो के नेतृत्व में किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सांसद ढुल्लू महतो ने कहा, “राज्य की कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, हर

स्तर पर भ्रष्टाचार फैला है और खनिज संपदा की खुली लूट जारी है। जनता बिजली और पानी के लिए तरस रही है।” विधायक शत्रुघ्न महतो ने भी सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा, “अगर जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा का यह आंदोलन और तेज होगा।” प्रदर्शन के अंत में, विधायक ने पांचों मंडलों के अध्यक्षों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

