लोयाबाद स्थित कनकनी कोलियरी के सेन्द्रा 2 नंबर क्षेत्र में रविवार दोपहर को भारी बारिश के बाद अचानक बंद पड़े पंखा घर से धुआं और जहरीली गैस निकलने लगी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दम घुटने जैसी स्थिति का अनुभव किया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना स्थल के पास लगभग 15 से 20 घर बसे हैं। यहां एक समरसेबल पंप भी है, जिससे आस-पास के हजारों घरों में पानी की आपूर्ति होती है। लोगों ने बताया कि बारिश के कारण डाली गई मिट्टी पंखा घर के अंदर चली गई, जिसके बाद गैस और धुआं का रिसाव शुरू हुआ। गनीमत रही कि एक स्थानीय युवक जो उस समय पास में मौजूद था, समय रहते बच निकलने में सफल रहा। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय पर कदम नहीं उठाए गए, तो यह घटना बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। गौरतलब है कि चार से पांच साल पहले भी इसी जगह

इसी तरह की गैस और धुएं के रिसाव की घटना सामने आई थी। तब प्रबंधन द्वारा मिट्टी भराई कर इसे बंद किया गया था। रविवार को दोपहर में फिर वही स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसीएम घोष बाबू पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों को वहां न जाने की हिदायत दी गई है। पहले बैरिकेडिंग कराई जाएगी, इसके बाद मिट्टी भराई की जाएगी। कोलियरी प्रबंधक धीरज सिन्हा ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना मिली है और टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है। स्थिति का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पंखा घर को पूरी तरह से सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

