
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 जून को प्रस्तावित ओडिशा दौरे से पहले भुवनेश्वर में सुरक्षा तैयारियां ज़ोरों पर हैं। बुधवार को भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस ने उनके काफिले का अभ्यास किया। पुलिस कमिश्नर सुरेश देव दत्ता सिंह ने बताया, “सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनता को असुविधा से बचाने के लिए यह रिहर्सल जरूरी थी।” इस दौरान 133 प्लाटून पुलिस बल, विशेष सुरक्षा एजेंसियां और 500 से अधिक पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है और कई वैकल्पिक रूट भी तैयार किए गए हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा बना दिया गया है। अधिकारियों का दावा है कि सुरक्षा के साथ-साथ जनता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।’

