नागपुर से एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें एक 20 वर्षीय चोर ने बीयर शॉप की संकरी खिड़की से अंदर घुसकर ₹25,000 नकद चुरा लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर लोग चोर के ‘लचीलेपन’ पर हैरान हैं। घटना बीते सप्ताह की है, जब रात के अंधेरे में आरोपी युवक बेहद चालाकी से दुकान की खिड़की में से खुद को अंदर सरका लेता है।

चोरी की खबर मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर की पहचान कर ली। 13 जून को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी की गई रकम भी बरामद कर ली गई है। यह अनोखी चोरी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जहां लोग चोर की चतुराई पर चौंक भी रहे हैं और हँसी भी कर रहे हैं।

