
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का सोमवार शाम राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एयर इंडिया विमान हादसे में उनकी मृत्यु के बाद उनका पार्थिव शरीर DNA मिलान के बाद परिजनों को सौंपा गया था। राजकोट पहुंचते ही हजारों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए कतारों में खड़े रहे। उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजे वाहन में घर लाया गया, जहां परिजनों, समर्थकों और भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्यपाल आचार्य देवव्रत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अमित शाह ने उन्हें “अनुशासित और विचारधारा के प्रति समर्पित” नेता बताते हुए व्यक्तिगत क्षति बताया। विजय रूपाणी 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अपने शांत स्वभाव व प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।

