जामुड़िया में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार 

जामुड़िया में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार 


आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधीन जामुड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। श्रीपुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र अंतर्गत चांदा मोड़ स्थित सर्विस रोड पर फल और सब्जी के बास्केट के पीछे छुपाकर की जा रही गांजा तस्करी की सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। खुफिया विभाग की सूचना पर 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध वाहन का पीछा कर उसे रोका गया। इस संयुक्त अभियान में जामुड़िया थाना पुलिस एवं खुफिया विभाग की टीम ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गांजा उड़ीसा से लाया जा रहा था और इसे पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न इलाकों में भेजने की योजना थी।

पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान फल और सब्जी के टोकरों के पीछे छिपाकर रखे गए तीन बोरे बरामद किए, जिनमें कुल 50 पैकेट गांजा पाया गया। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 1.850 से 1.900 किलोग्राम के बीच है। कुल मिलाकर लगभग 95 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बर्नपुर न्यू टाउन इलाके का निवासी जितेंद्र प्रसाद शामिल है, जो उड़ीसा के कालिया नायक के साथ मिलकर गांजा तस्करी कर रहा था। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस सफल अभियान का नेतृत्व सर्कल इंस्पेक्टर सुशांतो बनर्जी, जामुड़िया थाने के प्रभारी **सोमेंद्र नाथ सिंह ठाकुर, श्रीपुर चौकी प्रभारी **मेराज अंसारी तथा खुफिया विभाग के अन्य अधिकारियों ने किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *