बोइंग 787 की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं। ताजा मामला लंदन से चेन्नई जा रही ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान का है, जिसमें टेकऑफ के कुछ देर बाद ही 9000 फीट की ऊंचाई पर फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी आ गई। फ्लैप विंग के वो हिस्से होते हैं जो टेकऑफ और लैंडिंग के वक्त विमान को संतुलन देते हैं।
इनमें खराबी के चलते पायलट को विमान को वापस लंदन ही लाना पड़ा। लेकिन भारी वजन के चलते विमान तुरंत लैंड नहीं कर सकता था, इसलिए पायलट ने हवा में ही फ्यूल टैंक खाली किया। सौभाग्य से विमान सुरक्षित लैंड हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था कराई जा रही है। यह घटना बोइंग 787 की विश्वसनीयता पर फिर सवाल खड़े करती है, जो पहले भी कई तकनीकी कारणों से विवादों में रह चुका है।

