
क्रिकेट को जेंटलमैन गेम कहा जाता है, लेकिन बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका इमर्जिंग टीम के बीच खेले जा रहे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी को चौंका दिया। शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में चल रहे मुकाबले में अफ्रीकी खिलाड़ी शेपो एनटुली और बांग्लादेशी प्लेयर रिपोन मोंडोल के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मैदान पर हाथापाई हो गई। एनटुली ने पहले मोंडोल को धक्का दिया, जिसके जवाब में मोंडोल ने बल्ला उठाकर हमला करने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख फील्ड अंपायरों ने बीच में आकर स्थिति को संभाला। मैच रेफरी इस घटना की रिपोर्ट दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड को सौंपेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह इस दौरे का आखिरी मुकाबला था। इससे पहले वनडे सीरीज़ में बांग्लादेश ने 2-1 से जीत दर्ज की थी, जबकि पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।

