सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य लोगों ने किया करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से बनने वाले दो मंजिला छात्रावास का शिलान्यास, 15 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य हजारीबाग शहर के तकिया मजार के समीप झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर में दो मंजिला 300 बेडेड नवीन छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को धनतेरस के शुभ अवसर पर करीब साढ़े चार सौ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। डीएमएफटी की राशि से जिला परिषद के माध्यम से इस निर्माण कार्य को पूरा कराया जाएगा। शिलान्यास समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, नगर निगम के मेयर अरविंद राणा एवं स्थानीय वार्ड पार्षद अनिल प्रसाद ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर छात्रावास के विद्यार्थियों ने अतिथियों का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। उन्हें फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस छात्रावास में झारखंड के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी उच्च शिक्षा ग्रहण करने के उद्देश्य से आकर रहते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्राथमिकता के आधार पर डीएमएफटी की राशि से दो मंजिला आधुनिक एवं सुसज्जित 300 बेडेड छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी करीब 15 महीनों में इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद मनीष जायसवाल ने यह भी कहा कि नए छात्रावास के निर्माण के दौरान वर्तमान में यहां रह रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए उनके वैकल्पिक प्रवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी। जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने कहा कि छात्रावास निर्माण में गुणवत्ता और क्षमता, दोनों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को लंबे समय तक बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके। उन्होंने इस महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर उतारने की पहल के लिए सांसद मनीष जायसवाल के प्रति विशेष आभार जताया। वहीं, मेयर अरविंद राणा ने नवीन छात्रावास के शिलान्यास पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे उनके बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में विशेष रूप से वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता, डॉ. जयप्रकाश आनंद, सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, किशोरी राणा, मनमीत अकेला, चंदन मेहता, गोविंद मेहता, संवेदक अनिकेत कुमार मेहता, महेंद्र राम, जय प्रकाश किस्कु, सुशील ओढ़ैया, अजय कुमार, सुशील कुमार एवं छोटू मेहता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

