पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल में दीपावली एवं छठ पूजा के अवकाश से पूर्व बाल दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय की विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके बीच उमंग, उत्साह एवं खुशियों का संचार करना था। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा संचालित विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और संस्कारों का

महत्व बताया। समारोह को यादगार बनाने के लिए शिक्षिकाओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति पर विद्यार्थी झूम उठे और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती की गीत प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में गीत गाकर बच्चों का मनोरंजन किया। प्राचार्य की इस स्नेहपूर्ण प्रस्तुति से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने बच्चों के प्रति चाचा नेहरू के प्रेम और स्नेह को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। समारोह ने बच्चों को आनंद और उत्साह से भरपूर यादगार पल प्रदान किए। दीपावली एवं छठ पूजा के अवकाश से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।
